बारा में LPG गैस की पर्याप्त आपूर्ति, 23 एजेंसियों में स्टॉक – कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर

बारा जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर द्वारा एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर जानकारी

बारा जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से पर्याप्त है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।

कलेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल कंपनियों के माध्यम से जिले की सभी 23 गैस एजेंसियों में पर्याप्त एलपीजी गैस का स्टॉक उपलब्ध है। इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

25 दिन बाद करें गैस बुकिंग

जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता अपनी गैस की नियमित बुकिंग कराएं और 25 दिन के बाद ही दोबारा बुकिंग करें। इससे गैस की आपूर्ति सुचारू बनी रहेगी और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सकेगी।

कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कहीं भी कालाबाजारी, अवैध भंडारण या गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग की सूचना मिलती है तो उस पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर नागरिक तुरंत इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

☎ पुलिस कंट्रोल रूम – 112

☎ डीएसओ कंट्रोल रूम – 95493 79480

प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई करेगी।

अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर ने आमजन से यह भी अपील की है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

उन्होंने कहा कि गैस की बुकिंग के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया का उपयोग करें और कहीं भी अनावश्यक लाइन न लगाएं। इससे समय की बचत होगी और आपूर्ति व्यवस्था भी बेहतर बनी रहेगी।

कलेक्टर की अपील

जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने कहा कि

"सभी उपभोक्ता अपनी गैस की बुकिंग समय पर कराएं और एलपीजी गैस का सुरक्षित एवं सही तरीके से उपयोग करें। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम से संपर्क करें। जिला प्रशासन आपकी सेवा में हमेशा तत्पर है।"

और नया पुराने