जैसलमेर की स्लीपर बस में भीषण आग, AC शॉर्ट सर्किट से हादसा; एक यात्री गंभीर झुलसा, इमरजेंसी गेट से कूदकर बचाई जान

 जैसलमेर से अहमदाबाद जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग, एक यात्री गंभीर झुलसा

जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना से अहमदाबाद जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस में गुजरात के धानेरा के पास अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक यात्री गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि अन्य यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और यात्रियों का सामान भी राख में बदल गया।

गुजरात के धानेरा के पास तड़के 3:30 बजे हुआ हादसा, 16 यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर बचाई जान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ, जब बस में सवार करीब 16 यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस के एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इमरजेंसी गेट से कूदकर बचाई जान आग तेजी से फैलने के कारण बस में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। ऐसे में कई यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक यात्री आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गया।

गंभीर यात्री को पालनपुर किया रेफर

हादसे में गंभीर रूप से झुलसे यात्री को तुरंत धानेरा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पालनपुर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार यात्री की हालत चिंताजनक बनी हुई है। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

सामान और मोबाइल जलकर राख

स्वागत ट्रेवल्स के संचालक निर्मल रैयानी ने बताया कि यह बस सेवा हाल ही में नाचना से अहमदाबाद के बीच शुरू की गई थी। आग इतनी भीषण थी कि यात्रियों का सामान, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जल गए, जिससे यात्रियों के लिए अपने परिजनों से संपर्क करना भी मुश्किल हो गया।
उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही ट्रेवल कंपनी की टीम मौके पर पहुंच गई है और यात्रियों व उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।


और नया पुराने