जालोर में NH-48 पर तेल टैंकर पलटा, आग लगी; एक की मौत

जालोर में नेशनल हाईवे पर तेल टैंकर पलटा, भीषण आग; एक व्यक्ति जिंदा जला

राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जैसलमेर-जामनगर नेशनल हाईवे (NH-48) पर एक तेल से भरा टैंकर पलट गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि हाईवे पर करीब 200 मीटर तक लपटें फैल गईं।

इस दर्दनाक हादसे में टैंकर में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति समय रहते टैंकर से बाहर निकलने में सफल रहा। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है।

NH-48 पर 200 मीटर तक फैली आग की लपटें, दूसरा व्यक्ति समय रहते बाहर निकला

प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर बाड़मेर से सांचौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सिंवाड़ा ओवरब्रिज के पास अचानक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा ज्वलनशील पदार्थ सड़क पर फैल गया और आग लग गई।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के लिहाज से एक साइड का ट्रैफिक रोक दिया गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सांचौर के एसडीएम प्रमोद कुमार और सिंवाड़ा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

आग बुझाने के लिए सांचौर से फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। चितलवाना थानाधिकारी भंवरलाल गुड़ियासर के अनुसार अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि टैंकर में कौन सा ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था।

बताया जा रहा है कि यह टैंकर गुजरात नंबर (GJ-12-BZ-9820) का था और भारत पेट्रोलियम कंपनी से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
और नया पुराने