कोटा | खबर सेतु रिपोर्ट
कोटा में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, खेतों में चल रही भट्टियां तोड़ी गईं
कोटा शहर पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रानपुर थाना क्षेत्र में देर रात अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई की गई।
सिटी एसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना अधिकारियों को अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस टीम ने खेतों में छापा मारकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
रानपुर क्षेत्र में पुलिस की रेड, 300 लीटर वॉश नष्ट, 2 भट्टियां ध्वस्त
बीट कॉन्स्टेबल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम अलनिया डैम के पास खेतों में पहुंची, जहां तलाशी के दौरान 18 पीपे बरामद हुए। इन पीपों में करीब 300 से 350 लीटर वॉश भरी हुई थी, जिसका उपयोग कच्ची शराब बनाने में किया जाता है।
मौके पर दो अवैध भट्टियां भी संचालित मिल गईं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वॉश को नष्ट किया और दोनों भट्टियों को तोड़ दिया।
कार्रवाई में पुलिस टीम के कई जवान शामिल रहे और विशेष योगदान कॉन्स्टेबल का रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags: #KotaNews #PoliceAction #IllegalLiquor #RajasthanNews #BreakingNews
