अंता-नागदा-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना फिर शुरू: 3 दिन बाद चालू हुआ फिल्टर प्लांट, 44 गांवों में पानी की सप्लाई बहाल

3 दिन बाद शुरू हुआ अंता-नागदा-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना का फिल्टर प्लांट, 44 गांवों में पानी की सप्लाई बहाल

अंता क्षेत्र की अंता-नागदा-बलदेवपुरा पेयजल परियोजना का फिल्टर प्लांट तीन दिन बाद शुक्रवार शाम को दोबारा शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही अंता कस्बे सहित आसपास के करीब 44 गांवों में पेयजल आपूर्ति फिर से बहाल हो गई।
ठेका कर्मियों के वेतन विवाद के कारण यह परियोजना पिछले तीन दिनों से बंद पड़ी थी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था।
अंता नागदा बलदेवपुरा पेयजल परियोजना का फिल्टर प्लांट तीन दिन बाद फिर से शुरू

ठेका कर्मियों के वेतन विवाद के कारण तीन दिन से बंद थी जलापूर्ति, आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारी लौटे काम पर

परियोजना से जुड़े लगभग 30 ठेका कर्मचारी पिछले 10 महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण हड़ताल पर चले गए थे। कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नागदा स्थित फिल्टर प्लांट बंद हो गया था और पूरे क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित हो गई थी।

मध्यस्थता के बाद बना समाधान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व पालिका अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल ने हस्तक्षेप किया। उनकी मध्यस्थता के बाद कर्मचारियों को दो माह का वेतन शुक्रवार दोपहर तक खातों में जमा कराने का आश्वासन दिया गया।
आश्वासन मिलने के बाद हड़ताली कर्मचारी काम पर लौट आए और फिल्टर प्लांट को दोबारा चालू कर दिया गया।

फिल्टर प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता

रामेश्वर खंडेलवाल भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नागदा स्थित फिल्टर प्लांट पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और कार्यकारी एजेंसी भी अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रही है।

स्टोरेज प्लांट का भी किया निरीक्षण

फिल्टर प्लांट चालू करवाने के बाद खंडेलवाल बरडिया बस्ती स्थित स्टोरेज प्लांट पहुंचे। वहां उन्होंने स्टोरेज टैंकों में पानी पहुंचने की स्थिति का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से जानकारी ली।

शाम 6 बजे से शुरू हुई जलापूर्ति

शुक्रवार शाम करीब 6 बजे से अंता कस्बे में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई, जो शनिवार को भी जारी रहने की जानकारी दी गई है।

जल संसाधन मंत्री से करेंगे मुलाकात

पूर्व पालिका अध्यक्ष रामेश्वर खंडेलवाल ने बताया कि फिल्टर प्लांट से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए वे जल्द ही जयपुर जाकर जल संसाधन मंत्री से मुलाकात करेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति मिलना बेहद जरूरी है।

इस दौरान उनके साथ मोहित कालरा, जितेंद्र मीणा, हेमंत नागर, कीर्ति मालव, जितेंद्र सुमन, लोकेश खंडेलवाल और रवि शर्मा भी मौजूद रहे।
और नया पुराने