राजस्थान में फर्जी खेल सर्टिफिकेट घोटाला: ताइक्वांडो प्रमाण पत्र से शिक्षक बने 19 गिरफ्तार, दुबई से हुआ सत्यापन

 फर्जी खेल सर्टिफिकेट से बने शिक्षक, एसओजी की बड़ी कार्रवाई: 19 शिक्षक समेत 20 गिरफ्तार

राजस्थान में थर्ड ग्रेड शिक्षक भर्ती 2022 में खेल कोटे के तहत फर्जी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी पाने वाले शिक्षकों के खिलाफ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी ने शुक्रवार को ताइक्वांडो के फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर नौकरी पाने वाले 19 शिक्षकों समेत 20 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 8 महिलाएं भी शामिल हैं।  

Fake Sports Certificate Teacher Recruitment Scam Rajasthan SOG Arrest 19 Teachers

एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान खेल कोटे में चयनित कुछ अभ्यर्थियों ने ताइक्वांडो के फर्जी प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे। इन प्रमाण पत्रों का सत्यापन भी दुबई से संचालित एक फर्जी ई-मेल आईडी और वेबसाइट के माध्यम से कराया गया था। इस पूरे मामले को लेकर वर्ष 2024 में एसओजी में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद तकनीकी जांच शुरू की गई।

फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर कराया सत्यापन

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ताइक्वांडो फेडरेशन के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आईडी तैयार की थी। असली ई-मेल आईडी secretarytaekwondoindia@gmail.com है, जबकि आरोपियों ने secreatarytaekwondoindia@gmail.com नाम से फर्जी आईडी बनाकर सर्टिफिकेट का सत्यापन करा लिया। इसमें ‘Secretary’ शब्द की स्पेलिंग में मामूली बदलाव कर दिया गया था, जिससे चयन बोर्ड को शक नहीं हुआ।

भर्ती प्रक्रिया की कमजोरी उजागर

इस मामले ने भर्ती प्रक्रिया में प्रमाण पत्रों के सत्यापन की कमजोर व्यवस्था को भी उजागर कर दिया है। आरोपियों ने असली ई-मेल से मिलती-जुलती फर्जी आईडी बनाकर सर्टिफिकेट का सत्यापन करा लिया। इससे यह साफ हो गया कि खेल कोटे में लगाए गए प्रमाण पत्रों की जांच के लिए मजबूत और बहुस्तरीय व्यवस्था नहीं थी।

दुबई से ऑपरेट हो रही थी फर्जी ई-मेल

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ताइक्वांडो फेडरेशन के नाम से बनाई गई फर्जी ई-मेल आईडी दुबई से ऑपरेट की जा रही थी। तकनीकी जांच के आधार पर एसओजी ने गिरोह के सरगना विमलेंदु झा और उसके सहयोगी रवि शर्मा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उनके कब्जे से वह सिम कार्ड भी बरामद किया गया, जिसका उपयोग ई-मेल आईडी बनाने में किया गया था।

14 जिलों में एक साथ रेड

सरगना विमलेंदु झा के मोबाइल की जांच में सर्टिफिकेट सत्यापन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं। इसके बाद एसओजी ने डीआईजी परिस देशमुख के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कर 14 जिलों में एक साथ छापेमारी की, जिसमें 19 शिक्षक और एक सहयोगी को गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल एसओजी की टीमें अन्य 39 आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि यह मामला सिर्फ कुछ नियुक्तियों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल कोटे की भर्ती प्रक्रिया में बड़े स्तर पर गड़बड़ी का हिस्सा हो सकता है।

और नया पुराने