ससुराल में मारपीट का आरोप, लंबे समय से पारिवारिक तनाव में था युवक
कोटा: राजस्थान के कोटा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां पारिवारिक तनाव से परेशान एक युवक ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है, जो बारां जिले के अंता कस्बे की नीलकंठ कॉलोनी का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी के साथ नहीं लौटने से वह काफी परेशान हो गया था।
परिजनों के अनुसार, ससुराल से लौटते समय सूरज रास्ते में अचेत अवस्था में मिला। जब उसे अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। पहले उसे अंता अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे कोटा रेफर किया गया। कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
5 साल पहले हुई थी शादी, अक्सर होते थे विवाद
मृतक के छोटे भाई सुनील ने बताया कि सूरज कारीगरी का काम करता था और उसने करीब पांच साल पहले नाता प्रथा के तहत दूसरी शादी की थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। पत्नी बार-बार नाराज होकर मायके चली जाती थी, जिससे सूरज मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
परिजनों का कहना है कि इस बार भी उसकी पत्नी मायके चली गई थी। सूरज उसे लेने ससुराल गया, लेकिन वहां कथित रूप से उसके साथ मारपीट की गई। इस घटना के बाद वह और अधिक तनाव में आ गया था।
पत्नी के नहीं आने पर उठाया खौफनाक कदम
गुरुवार को सूरज एक बार फिर पत्नी को लेने गया, लेकिन इस बार भी पत्नी उसके साथ नहीं आई। इससे आहत होकर उसने लौटते समय रास्ते में जहर खा लिया। कुछ समय बाद वह अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
हालत बिगड़ने पर उसे कोटा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि सूरज लंबे समय से पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
पुलिस ने शुरू की जांच
अंता थाना के एएसआई रामावतार मेहता ने बताया कि मृतक के छोटे भाई की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में ससुराल पक्ष पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
