
राजस्थान में 20 मार्च को आयोजित होंगी विशेष ग्राम सभाएं
जयपुर। राजस्थान सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में 20 मार्च 2026 को विशेष ग्राम सभाएं आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
सरकार द्वारा 19 मार्च से 15 मई तक पूरे प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी के तहत 20 मार्च को होने वाली ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को इस अभियान की जानकारी देना और अधिक से अधिक जन-भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान को लेकर सरकार के निर्देश, जनभागीदारी पर जोर
इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों, योजनाओं और उनके लाभों के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। साथ ही जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा जारी निर्देशों के पालन और पेयजल योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
पंचायती राज विभाग ने सभी ग्राम सभाओं में न्यूनतम उपस्थिति (कोरम) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें और योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उप शासन सचिव भारत भूषण गोयल द्वारा जारी आदेश में सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (CEO) और पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों (BDO) को अपने-अपने क्षेत्रों में इन सभाओं का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और गांवों के समग्र विकास को गति देना है।