रावतभाटा में शिव मंदिर में तोड़फोड़, शिवलिंग नाले में फेंका; आरोपी गिरफ्तार
रावतभाटा। शहर के मत्स्य विभाग परिसर स्थित शिव मंदिर में एक असामाजिक तत्व द्वारा शिवलिंग तोड़ने की घटना से पूरे शहर में भारी आक्रोश फैल गया। जानकारी मिलते ही हिंदू समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ने करीब 5 किलो वजनी पत्थर से मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर वार कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और बाद में उसे पास के नाले में फेंक दिया। घटना का पता चलते ही आसपास के लोगों में रोष फैल गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जमा हो गए।
घटना से भड़का जनाक्रोश, बाजार बंद कर निकाली गई आक्रोश रैली
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना को लेकर हिंदू समाज के लोगों में भारी नाराजगी देखी गई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी।
घटना के विरोध में शहर के विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों को बंद रखा गया। व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर इस घटना की कड़ी निंदा की।
वहीं सर्व हिंदू समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने पुलिस थाने से आक्रोश रैली निकाली, जो मुख्य मार्ग, चेतक मार्केट, हाट चौक, बाजार नंबर 1 और बाजार नंबर 2 होते हुए बैरियल चौराहे तक पहुंची।
रैली के दौरान लोगों ने धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली इस घटना की कड़ी निंदा की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
